MP Crime: छुट्टी पर गए थे जज, पीछे से चोरों ने खेला बड़ा दांव, दो घरों में कर दी सेंधमारी; मनावर में हड़कंप
मनावर में दो जजों के सूने घरों में चोरी हुई। बदमाश ताले तोड़कर नकदी और चांदी के सामान ले गए। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
विस्तार
धार जिले की मनावर तहसील में बदमाशों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाया। दोनों मकान अलग-अलग न्यायाधीशों के हैं। अवकाश के चलते दोनों जज परिवार सहित बाहर गए हुए थे, इसी दौरान चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब एक जज ने मोबाइल के माध्यम से घर के सीसीटीवी कैमरे देखे। फुटेज में संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर उन्होंने कर्मचारी को घर भेजा। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि मकानों के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
यह मामला मनावर थाना क्षेत्र की रुकमणी कॉलोनी का है, जहां प्रथम जिला न्यायाधीश और द्वितीय जिला न्यायाधीश के सरकारी आवास स्थित हैं। बदमाश दोनों घरों के ताले तोड़कर अंदर घुसे। कर्मचारी विजय चौहान के अनुसार, जज अभिषेक सोनी छुट्टी पर बाहर गए हुए थे। उन्हें मोबाइल पर सीसीटीवी के जरिए चोरी की जानकारी मिली। शुरुआती जांच में उनके घर से अलमारी में रखे करीब 4 हजार रुपए नकद चोरी होने की बात सामने आई है।
पढ़ें: एमपी शराब दुकानों का 8वां चरण: एकल दुकान के लिये भी ऑफर प्रस्तुत, 27 मार्च तक कर सकेंगे आवेदन
फुटेज में बदमाश रात करीब 12 बजे घर के अंदर घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान दूसरे जज लोकेंद्र सिंह ने भी फोन कर अपने घर में चोरी की सूचना दी। उनके घर से दो जोड़ी चांदी की पायल और एक चांदी का पेन चोरी हुआ है। चूंकि दोनों परिवार बाहर हैं, इसलिए अन्य सामान की चोरी को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। जजों ने बताया कि परिवार के लौटने के बाद पूरी जानकारी पुलिस को दी जाएगी।
एसडीओपी बृजेश मालवीय के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध नजर आए हैं। उनकी पहचान के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना के बाद पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

कमेंट
कमेंट X